जुगियाना इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब मासूम बच्चों का घर की दहलीज से बाहर कदम रखना भी जानलेवा साबित हो रहा है। रविवार को एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां गली में खेल रही मात्र 3 साल की मासूम बच्ची चांदनी पर एक खूंखार कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के सिर और चेहरे को इतनी बुरी तरह से नोचा कि मांस के लोथड़े अलग हो गए। लहूलुहान हालत में बच्ची को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों को करीब 35 टांके लगाने पड़े।

वारदात के समय बच्ची के पिता चंदन काम पर गए हुए थे, जिन्हें उनकी पत्नी ने फोन कर इस घटना की जानकारी दी। पीड़ित पिता ने रुंधे गले से बताया कि बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे कि तभी अचानक एक आवारा कुत्ते ने चांदनी को निशाना बनाया और उसे जमीन पर पटक कर उसके चेहरे को फाड़ना शुरू कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर जब तक मोहल्ले के लोग लाठियां लेकर दौड़े, तब तक मासूम चांदनी लहूलुहान होकर बेहोश हो चुकी थी। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक घाव इतने गहरे थे कि टांके लगाना भी एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसकी सर्जरी की गई।

इलाके के लोगों का कहना है कि नगर निगम की लापरवाही के कारण गलियां अब श्मशान जैसा अहसास कराने लगी हैं और यदि समय रहते इन आदमखोर कुत्तों पर नकेल नहीं कसी गई, तो कल को कोई और मासूम अपनी जान से हाथ धो सकता है। फिलहाल मासूम चांदनी अस्पताल के बेड पर मौत से जंग लड़ रही है और पूरा इलाका सहमा हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights