21 से 31 मई तक जिले भर में चलेगा अहिल्याबाई होल्कर स्मृति अभियान : हरजिंदर कौर
भाजपा पश्चिम क्षेत्र की क्षेत्रीय मंत्री हरजिंदर कौर बोलीं अहिल्याबाई जयंती कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों की सहभागिता हो
मुरादाबाद, 18 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद कार्यालय पर रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती भव्य तरीके से मनाने को लेकर जिला व महानगर इकाई की संयुक्त कार्यशाला रविवार को संपन्न हुई। जिसमें मुख्य अतिथि भाजपा पश्चिम क्षेत्र की क्षेत्रीय मंत्री हरजिंदर कौर ने बताया कि 21 मई से 31 मई तक जिले भर में अहिल्याबाई होल्कर स्मृति अभियान चलाया जाएगा। इसमें महिला स्वयंसेवी संगठनों, स्थानीय निकायों और महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
क्षेत्रीय मंत्री हरजिंदर कौर ने कहा कि अहिल्या बाई होल्कर को पूरे देश में रानी और देवी के रूप में पूजा जाता है। होल्कर मराठा साम्राज्य की प्रसिद्ध महारानी तथा इतिहास-प्रसिद्ध सूबेदार मल्हारराव होल्कर के पुत्र खण्डेराव की धर्मपत्नी थीं। उन्होंने आगे कहा कि अहिल्याबाई होल्कर कुशल शासक और योद्धा थीं, जिन्होंने अपने राज्य होल्कर की रक्षा करने के लिए युद्ध कौशल का इस्तेमाल किया। उन्होंने कई युद्धों में विजय प्राप्त की और आक्रमणकारियों से अपने राज्य की रक्षा की। उन्होंने कहा कि देशभर पार्टी के केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व के आवाहन इस कार्यक्रम को लेकर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें हम सभी की सहभागिता जरूरी है।
क्षेत्रीय मंत्री ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती पर बैठकें, गोष्ठियां, शोभायात्रा, महिला सशक्तिकरण दौड़, कॉलेज-विश्वविद्यालयों में प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, नृत्य-नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रदर्शनी का आयोजन होगा।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आदेश चौधरी ने कार्यशाला की प्रस्तावना पढ़ी व भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष डॉ विजय लक्ष्मी पंडित ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन कार्यक्रम संयोजक व भाजपा महानगर उपाध्यक्ष विशाल त्यागी ने किया।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भडूंला, क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी निमित्त, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका व महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता आदि उपस्थित रहे।