उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष और भाजपा नेता अपर्णा यादव के भाई चंद्रशेखर बिष्ट उर्फ अमन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन पर और उनके साथी हिमांशु राय पर 14 करोड़ रुपए की ठगी का गंभीर आरोप लगा है। यह शिकायत रियल एस्टेट कारोबारी ठाकुर सिंह मनराल ने की है, जो मर्चेंट्स इंफ्रा हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी चलाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर ने उन्हें जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों रुपए लिए, लेकिन जमीन की पूरी रजिस्ट्री नहीं की और बाद में धमकाने भी लगे।

कैसे हुआ जमीन का सौदा?
एफआईआर के मुताबिक, चंद्रशेखर ने मनराल को लखनऊ के अहिमामऊ इलाके में एक प्लॉट बेचने का सौदा किया था। जमीन की कुल कीमत 14 करोड़ रुपए तय हुई थी। सौदा चंद्रशेखर के घर पर हुआ था और उस वक्त उनकी मां अंबी बिष्ट भी मौजूद थीं। मनराल का कहना है कि उन्होंने तय रकम को कई किश्तों में चंद्रशेखर और उसके साथी हिमांशु राय को दे दिया। लेकिन जब रजिस्ट्री का समय आया, तो चंद्रशेखर ने कम एरिया की जमीन की रजिस्ट्री कर दी। जब मनराल ने विरोध किया, तो उन्हें धमकाया गया। इसके बाद उन्होंने कोर्ट का रुख किया और कोर्ट के आदेश पर गोमतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

अब पुलिस कर रही है जांच
गोमतीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पैसे देने के बाद भी पूरी जमीन क्यों नहीं दी गई और धमकी देने के आरोप कितने सही हैं।

अंबी बिष्ट पर भी एक और केस दर्ज
चंद्रशेखर की मां अंबी बिष्ट पर भी एक अलग मामला दर्ज हुआ है। यह मामला लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में उनके कार्यकाल के दौरान हुए एक जमीन घोटाले से जुड़ा है। 19 सितंबर 2025 को जानकीपुरम की जमीन से जुड़े एक घोटाले में अंबी बिष्ट सहित 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। आरोप है कि उन्होंने प्रियदर्शिनी जानकीपुरम योजना में भूखंडों के आवंटन में गड़बड़ी की थी। यह मामला 2016 का है, जब अंबी बिष्ट LDA में संपत्ति अधिकारी थीं।

कौन हैं अपर्णा यादव?
आपको बता दें कि अपर्णा यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू हैं। वर्तमान में वे भाजपा नेता हैं और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights