मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ने रचा इतिहास, यूपीएससी में 13 होनहारों ने लहराया परचम

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई

लखनऊ, 22 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना’ ने एक बार फिर अपने प्रभावशाली परिणामों से सबका ध्यान खींचा है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 के फाइनल रिजल्ट में इस योजना से पढ़ाई करने वाले 13 मेधावी छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उत्तर प्रदेश के गरीब और वंचित वर्ग के छात्रों के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रही है। यह योजना छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और कोचिंग प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सशक्त कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस दूरदर्शी पहल से राज्य के हजारों छात्र-छात्राओं के सपने साकार हो रहे हैं और वे अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं। प्रदेश के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना से जुड़कर छात्र- छात्राएं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए अभ्युदय कोचिंग के सेंटर्स में पढ़ाई की और अब यूपीएससी के सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 13 होनहारों की कामयाबी सीएम योगी के उद्देश्य की सशक्त मिसाल बनकर सामने आई है।

प्रदेश के सभी 75 जिलों में अभ्युदय कोचिंग के 166 केन्द्र संचालित हैं। इन केन्द्राें पर पढ़ाई कर शगुन कुमार ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 100वीं रैंक हासिल किया है। इन्होंने हापुड़ सेंटर से पढ़ाई की, जबकि मयंक बाजपेई (सीतापुर) को 149वीं रैंक मिली। आयुष जायसवाल (बरेली) ने 178वीं और अदिति दुबे (लखनऊ) ने 180वीं रैंक के साथ सफलता अर्जित की। सौम्या शर्मा (प्रतापगढ़) ने 218वीं रैंक, प्रतीक मिश्रा ( प्रयागराज) ने 234वीं और आंचल आनंद( गौतमबुद्ध नगर) ने 399वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा अश्वनी शुक्ला (जालौन) ने 423वीं, उदित कुमार सिंह(प्रयागराज) ने 668वीं, दिशा द्विवेदी(लखनऊ) ने 672वीं, मनीष कुमार (लखनऊ) ने 748वीं, हिमांशु मोहन(अयोध्या) ने 821वीं तथा नैन्सी सिंह(लखनऊ) ने 970वीं रैंक हासिल कर मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की सफलता को नई ऊँचाई दी।

समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि योगी सरकार गरीब व वंचित वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उसी प्रयास प्रयास का परिणाम है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सर्विसेज में सफल सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि अभ्युदय योजना के तहत संचालित कोचिंग केन्द्राें में 280 अभ्यर्थी पीसीएस मेंस की परीक्षा देने की तैयारी कर रहे हैं। आगे इस कोचिंग में सुविधाओं और व्यवस्थाओं का विस्तार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2024 में सफल सभी अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त कर हम सभी का मानवर्धन करने वाली प्रदेश की बेटी शक्ति दुबे को बहुत-बहुत बधाई। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि आप सभी राष्ट्र पहले के संकल्प, प्रखर लोकनिष्ठा एवं अटूट सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों के स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights