एमसीडी के 13 पार्षदों के पार्टी छोड़ने के बाद आआपा के समक्ष अस्तित्व का संकट : देवेंद्र यादव
नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि सत्ता का केंद्रीकरण, एकाधिकार की प्रवृत्ति और दल के भीतर पनपती तानाशाही के कारण आम आदमी पार्टी (आआपा) आंतरिक रूप से खोखली हो गई। आज दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के उसके 13 पार्षदों के एकसाथ पार्टी छोड़कर नई पार्टी की घोषणा के बाद आआपा के समक्ष अस्तित्व का संकट है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने शनिवार को एक बयान में कहा कि जिस पार्टी की नींव भ्रष्टाचार, झूठ और स्वार्थ पर आधारित रही हो, उसका लंबे समय तक टिक पाना असंभव है। अब वो दिन दूर नहीं जब आआपा दिल्ली सहित पूरे देश से विलुप्त हो जाएगी।
यादव ने कहा कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव हारने के बाद केजरीवाल के कमजोर नेतृत्व के कारण बिखरती आआपा में आपसी फूट के चलते महापौर पद भाजपा के हाथ में चले जाने से पार्टी निगम में भी विपक्ष में आई गई। सत्ता में होने के बावजूद अगर कोई पार्टी अल्पमत में आ जाए और संवैधानिक पदों पर विपक्षी पार्टी काबिज हो जाए, तो इसका मुख्य कारण असफल नेतृत्व है। यादव ने कहा कि आज 13 निगम पार्षदों द्वारा आआपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का कारण पार्टी द्वारा वादों का न पूरा करना है। केजरीवाल और उनकी पूरी टीम दिल्ली सरकार के खजाने और दिल्ली नगर निगम को लूटने में ही व्यस्त रही।
————
