सर्विलांस सेल और सीईआईआर टीम की बड़ी सफलता, मोबाइलधारकों ने जताया आभार
वासु धीमान (शामली )
शामली। जनपद पुलिस की सर्विलांस सेल और थानों में सीईआईआर पोर्टल पर तैनात कर्मचारियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कड़ी मेहनत के बाद विभिन्न कंपनियों के करीब 25 लाख रुपये कीमत के 115 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी एनपी सिंह ने सभी मोबाइल फोन उनके असली स्वामियों को सुपुर्द किए।

इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि जनपद में गुमशुदा मोबाइलों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इसी के तहत सर्विलांस सेल और थानों के सीईआईआर पोर्टल पर कार्यरत कर्मचारियों को सक्रिय किया गया, जिन्होंने लगातार प्रयास करते हुए यह सफलता प्राप्त की।एसपी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो उसे सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल की रसीद और पहचान पत्र के साथ रिपोर्ट दर्ज करानी चाहिए।

रिपोर्ट के बाद आवेदक को एक रिक्वेस्ट नंबर प्राप्त होता है। भविष्य में जब भी गुम हुआ फोन किसी अन्य व्यक्ति द्वारा प्रयोग में लाया जाएगा, तो आवेदक को मैसेज के माध्यम से सूचना प्राप्त होगी, जिससे सर्विलांस टीम फोन को ट्रैक कर बरामद कर सकेगी।मोबाइल प्राप्त करने वाले सभी मोबाइलधारकों ने खुशी जाहिर करते हुए एसपी एनपी सिंह, सर्विलांस सेल और सीईआईआर कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि पुलिस की इस कार्यवाही से लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
