मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें से एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। गिरफ्तार बदमाश कुछ दिन पहले एक व्यापारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और उसकी हत्या की साजिश रचने के मामले में वांछित थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों की पहचान प्रताप चौधरी उर्फ “बदमाशों का देवता” पुत्र नरेश पाल निवासी हुसैनपुर थाना रामराज, जनपद मुजफ्फरनगर तथा रवि उर्फ सूटर पुत्र रनवीर निवासी बाखरपुर थाना बालेनी जनपद बागपत के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान प्रताप चौधरी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया, जबकि उसके साथी रवि उर्फ सूटर को भी पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस (315 बोर) तथा घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अभियुक्तों ने बताया कि 4 मार्च 2026 को उन्होंने व्यापारी राजीव जैन को फोन कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। बदमाशों ने धमकी दी थी कि यदि रकम नहीं दी गई तो व्यापारी को जान से मार दिया जाएगा।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी प्रताप चौधरी ने बताया कि जब वह पहले जेल में बंद था, उसी दौरान उसकी मुलाकात अतुल कुमार नामक व्यक्ति से हुई थी। उस व्यक्ति ने राजीव जैन की हत्या के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी। योजना के तहत दोनों आरोपी व्यापारी की हत्या करने के लिए मौके की तलाश में थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में प्रताप चौधरी घायल हो गया और दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले में सुपारी देने वाले व्यक्ति अतुल कुमार की तलाश में जुट गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights