बिहार के नवादा जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 47 वर्षीय महिला की नृशंस हत्या कर दी गई। अपराधियों ने पहले महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर उसके बाद इतनी खौफनाक मौत दी कि जानने वालों का दिल दहल उठेगा। आरोपियों ने अपराध छिपाने के लिए लोहे की खंती से सिर पर वार कर और साड़ी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

खेत में अकेली पाकर अपराधियों ने बनाया हवस का शिकार

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 16 फरवरी की रात की है।  घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक महिला रविवार शाम अपने बच्चों के साथ गेहूं के खेत में सिंचाई करने गई थीं। शाम को उन्होंने बच्चों को मवेशियों का दूध निकालने के लिए घर भेज दिया और खुद काम खत्म करने के लिए वहीं रुक गईं। इसी दौरान पड़ोसी दिलीप यादव अपने चार साथियों के साथ वहां पहुँचा। महिला को अकेला देख आरोपियों ने उसे घेर लिया और बारी-बारी से दरिंदगी की।

पहले खंती से सिर फोड़ा, फिर साड़ी से गला घोंटकर हत्या

दुष्कर्म के बाद आरोपी महिला को घसीटते हुए करीब 300 मीटर दूर ले गए। वहां मुख्य आरोपी दिलीप यादव ने लोहे की खंती से महिला के सिर पर हमला किया। जब महिला गंभीर रुप से घायल हो गई, तो आरोपियों ने उसकी अपनी ही साड़ी से गला घोंट मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को महिला का शव निर्वस्त्र हालत में गांव के बाहर मिला।

जमीन का मामूली विवाद बना हत्या की वजह

नवादा के एसपी अभिनव धीमान ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि इस घिनौने अपराध के पीछे जमीन और खलिहान का एक पुराना विवाद था। मुख्य आरोपी दिलीप यादव और पीड़िता के परिवार के बीच जानवरों को चारा खिलाने और पानी देने को लेकर अक्सर कहासुनी होती थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए दिलीप ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

24 घंटे में पुलिस का एक्शन, 3 गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि 5 लोगों ने मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी दिलीप यादव, रामस्वरूप राजवंशी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गिरोह के दो अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights