उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसको देखकर हर कोई इसकी चर्चा कर रहा है। दूल्हे ने अपनी नवविवाहित दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा कराने का वादा किया था। 31 दिसंबर को कोहरा और धुंध के कारण हेलीकॉप्टर की उड़ान संभव नहीं हो सकी। नए साल के पहले दिन इलाके में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को उत्सव और खुशी के रंग में रंग दिया। हसनपुर तहसील क्षेत्र के थाना सैदनगली अंतर्गत गांव इकौंदा में गुरुवार दोपहर उस समय भारी भीड़ उमड़ी, जब एक दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर गांव पहुंचा। गांव की गलियों और खेतों के बीच आसमान से उतरे हेलीकॉप्टर को देखने के लिए सैकड़ों लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

खराब मौसम के कारण देरी

दूल्हन की विदाई का कार्यक्रम पहले बुधवार को प्रस्तावित था, लेकिन घना कोहरा और कम दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके चलते दूल्हा-दुल्हन को एक दिन का इंतजार करना पड़ा। गुरुवार को मौसम साफ होने के बाद प्रशासन से पूर्व में ली गई अनुमति के तहत हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। दोपहर करीब एक बजे उझारी स्थित अस्थायी हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग की। हेलीकॉप्टर से दूल्हा-दुल्हन के उतरते ही परिवार के लोगों ने माला पहनाकर दोनों का स्वागत किया।

दुबई में काम करता है दूल्हा

गांव इकौंदा निवासी जाहिद का पुत्र कासिम दुबई में काम करता है। उनका निकाह 28 दिसंबर को छत्तीसगढ़ निवासी डॉ. रुखसार के साथ हुआ था। शादी को खास और यादगार बनाने के लिए कासिम ने दुल्हन को हेलीकॉप्टर से अपने गांव लाने का फैसला किया। इसी उद्देश्य से उन्होंने हेलीकॉप्टर बुक कराया और प्रशासन से दो दिन की अनुमति ली।

हेलीकॉप्टर जैसे ही हेलीपैड पर उतरा, वहां मौजूद लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस अनोखे दृश्य को देखने पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी की निगाहें आसमान से उतरे उड़नखटोले पर टिकी रहीं। कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें बनाते नजर आए।

गांव पहुंचते ही भव्य स्वागत

हेलीपैड पर उतरने के बाद नवदंपति कार से अपने पैतृक गांव इकौंदा पहुंचे। गांव में परिजनों और ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। फूलों और तालियों के बीच दूल्हा-दुल्हन का अभिनंदन किया गया। यह अनोखी विदाई और आगमन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। भारी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण पुलिस बल भी तैनात दिखी।

युवाओं को दिया शिक्षा का संदेश

दूल्हे कासिम ने इस मौके पर गांव के युवाओं से शिक्षा के महत्व को समझने की बात कही। उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ बड़ा और अच्छा करने के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। अच्छी शिक्षा और सेवा भाव से ही जीवन की सही शुरुआत होती है। बेहतर जीवनशैली और अपने सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत और पढ़ाई का कोई विकल्प नहीं है।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। पुलिस की निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। हेलीकॉप्टर से दुल्हन के गांव पहुंचने की खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई। नए साल के पहले दिन इस अनोखे दृश्य ने अमरोहा जनपद में खुशी और उत्साह का माहौल बना दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार अपने गांव में किसी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से आते देखा है। शादी और विदाई की यह चर्चा खूब हो रही है। पहले तो मौसम के खराब होने के कारण इस प्रकार से हेलीकॉप्टर से विदाई पर ग्रहण लगता दिखा था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights