हिंदू नव वर्ष पर मानवता का महोत्सव: साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट ने वृद्धाश्रम व अनाथालय में बिखेरी खुशियों की रोशनी
–रुड़की मेयर गौरव गोयल समेत गणमान्य अतिथियों ने किया भव्य शुभारंभ, क्रांतिकारी शालू सैनी की पहल बनी सेवा और संस्कार की मिसाल
मुजफ्फरनगर। हिंदू नव वर्ष के पावन अवसर पर जहां पूरा देश नई उम्मीदों और उमंगों के साथ नवसंवत्सर का स्वागत कर रहा था, वहीं दक्षिणी कृष्णापुरी स्थित गोगा म्हाड़ी के पास साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित क्रांतिकारी शालू सैनी वृद्धा आश्रम एवं अनाथालय में इस पर्व को सेवा, संस्कार और संवेदनाओं के अद्भुत संगम के रूप में भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रुड़की के मेयर गौरव गोयल, समाजसेवी डॉ. पहल सिंह सैनी और सत्य प्रकाश रेशु द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह, भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। इस खास मौके पर आश्रम में रह रहे वृद्धजनों और बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिससे हर कोई भाव-विभोर हो उठा। इस आयोजन की अगुवाई कर रही क्रांतिकारी शालू सैनी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सच्ची सेवा वही है जो जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान ला सके।

उन्होंने कहा कि हिंदू नव वर्ष केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और असहाय वर्गों के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लेने का दिन है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में ऐसे आयोजन समाज को एक नई दिशा देते हैं और सेवा भाव को मजबूत करते हैं। आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों और बच्चों के साथ मिलकर केक काटा गया, मिठाइयां वितरित की गईं और सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान भावनाओं का ऐसा माहौल बना कि कई लोगों की आंखें नम हो गईं। यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं था, बल्कि यह संदेश भी था कि अगर समाज एकजुट होकर आगे बढ़े, तो कोई भी बुजुर्ग या बच्चा खुद को अकेला महसूस नहीं करेगा। साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट का यह प्रयास मानवता, सेवा और संस्कार का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights