उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मुरसान कोतवाली पुलिस ने एक सड़क हादसे के बाद हिंसक प्रदर्शन करने, थाना परिसर पर पथराव करने और यातायात बाधित करने के आरोप में 26 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 12 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रविवार को किला मढैया में अर्टिगा गाड़ी की टक्कर से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई जिसके बाद वाहन चालक व उसमें सवार दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सादाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित पाठक के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना मुरसान को पथराव करने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित पाठक ने बताया कि सोमवार को थाना मुरसान पुलिस ने यातायात जाम और पथराव करने वाले 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा, ‘‘कोतवली के सामने हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है। अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें 12 महिलाएं हैं।’’ उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights