सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के लिए अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उनके इस्तीफे की मांग पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार ने न्यायपालिका के आदेश का पालन किया है और आगे भी करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को शाह का इस्तीफा मांगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, पहले उसे कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का इस्तीफा लेना चाहिए। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘न्यायपालिका ने जो आदेश दिया है, हमारी सरकार ने उसका पालन किया है। न्यायालय जो कहेगा, हम उस हिसाब से चलते रहेंगे।’’
यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस विजय शाह के इस्तीफे की मांग कर रही है, यादव ने कहा, ‘‘कांग्रेस तो करती रहेगी। कांग्रेस सिद्धरमैया (कर्नाटक के मुख्यमंत्री) से मांग ले (इस्तीफा)। उनके मुख्यमंत्री रहते सारे मंत्रियों पर मुकदमें चल रहे हैं।’’
यादव ने कहा कि कांग्रेस केवल बात ही कर सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस का आचरण है कि उसने अरविंद केजरीवाल (दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री) का साथ कदम से कदम मिलाकर दिया, जबकि वह मुख्यमंत्री रहते जेल गए थे। कांग्रेस कहां गई थी उस समय। कांग्रेस को तो अधिकार ही नहीं है बोलने का। कांग्रेस ने बेशर्मी की जितनी हदें पार की है, आज तक किसी ने नहीं की।’’
शाह ने पिछले दिनों कर्नल कुरैशी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, जिसका स्वत: संज्ञान लेते हुए मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था।
शाह ने अपनी टिप्पणियों के जरिये कर्नल सोफिया को ‘‘आतंकवादियों की बहन’’ के रूप में पेश करने की कोशिश की थी। इन टिप्पणियों के लिए शाह की व्यापक आलोचना हो रही है और विपक्षी कांग्रेस लगातार उनके इस्तीफे की मांग कर रही है।
मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी शाह को मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्त किए जाने की मांग की है। कर्नल कुरैशी ने भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विवरण नियमित पत्रकार वार्ताओं में साझा किया था।
इन पत्रकार वार्ताओं में विदेश सचिव विक्रम मिसरी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह भी शामिल होते थे। मुख्यमंत्री यादव बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से रोशनपुरा चौराहे से प्रारंभ की गई तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
उन्होंने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीनों सेनाओं ने आतंकवाद परस्त पाकिस्तान को धूल चटाने का काम किया और भारत के लड़ाकू विमानों और मिसाइलों ने पाकिस्तान को तबाह कर दिया। तिरंगा यात्रा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।