तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बृहस्पतिवार को 1,000 रुपये की मासिक सहायता योजना का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य प्रथम वर्ष के स्नातक छात्रों को लाभान्वित करना है।

राज्य सरकार के एक शिक्षा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि उनकी सरकार तेलंगाना सरकार की अच्छी योजनाओं को लागू करने के लिए तैयार है और उन्होंने इसे ‘‘बेहतर विकास की राजनीति’’ बताया। स्टालिन ने बताया कि तमिलनाडु की तरह, तेलंगाना में भी महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा योजना है।

रेड्डी ने कहा कि उन्हें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की ‘नाश्ता योजना’ से प्रेरणा मिली है और उन्होंने इसे दिल को छू लेने वाला बताया क्योंकि यह सबसे गरीब बच्चों की मदद करती है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अगले शैक्षणिक वर्ष से नाश्ता योजना लागू करेगी।

रेड्डी ने कहा कि पूरे देश को तमिलनाडु की शिक्षा पहल का अनुकरण करना चाहिए। सरकार के अनुसार, कॉलेज जाने वाली छात्राओं और छात्रों के लिए क्रमशः ‘पुधुमाई पेन’ और ‘तमिल पुधलवन’ योजनाओं से इस वर्ष 2,65,318 नये लाभार्थियों को लाभ मिलेगा।

स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रमुक सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने कार्यों को गिनाने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें राज्य सरकार की प्रमुख पहलों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights