असम में विधानसभा चुनावों की आहट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास कार्यों की रफ्तार तेज कर दी है। अपने दो दिवसीय असम दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री आज सिलचर में 23,550 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और भूमि पूजन करेंगे।

पूर्वोत्तर का पहला ‘कंट्रोल्ड-एक्सेस’ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे

आज के दौरे का सबसे प्रमुख आकर्षण शिलांग-सिलचर गलियारा (Corridor) परियोजना है। 22,860 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 166 किलोमीटर लंबा गलियारा पूर्वोत्तर का पहला ऐसा एक्सप्रेसवे होगा जिसमें प्रवेश और निकास नियंत्रित (Controlled Access) होगा। इस गलियारे से मेघालय और असम के बीच संपर्क सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस परियोजना से गुवाहाटी और सिलचर के बीच की दूरी कम होगी और यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग पांच घंटे रह जाएगा, जिससे क्षेत्र में आर्थिक विकास और सीमा पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री कैपिटल प्वाइंट के पास ट्रंक रोड से सिलचर के रंगिरखारी प्वाइंट तक एनएच-306 पर बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर (चरण-1) का भूमि पूजन भी करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से सिलचर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक पर ट्रैफिक कम होगा और मिजोरम, त्रिपुरा एवं मणिपुर जैसे पड़ोसी राज्यों से संपर्क बेहतर होगा और बराक घाटी के आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री करीमगंज जिले के पथारकंडी में एक नए कृषि महाविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। मोदी शुक्रवार को गुवाहाटी पहुंचे और उन्होंने लगभग 24,250 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की। प्रधानमंत्री सिलचर से कोलकाता रवाना होंगे। असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights