उत्तर प्रदेश के इटावा से रिश्तों को कलंकित करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां पर रिश्तें में जीजा अपनी साली को भगाकर ले गया और फिर उससे शादी कर ली। आरोप है कि इसके बाद उसने साली की बेरहमी से हत्या कर दी। उसके शरीर कर कई चोटों के निशान थे औऱ ईंट मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। इस पूरे मामले में युवती के परिजनों ने थाने में आरोपी जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
परिजनों ने लगाए ये आरोप
इस मामले में तहरीर देते हुए लड़की के परिजनों ने बताया कि 4 मार्च को उनका रिश्ते का दामाद विजय उनकी नाबालिग बेटी सुनैना को घर से भगा कर ले गया था। मृतका के पिता ने बताया कि बाद में उन्हें पता चला कि विजय उनकी बेटी को दिल्ली ले गया और वहां पर मंदिर में शादी कर ली। जानकारी मिली तो उनकी पत्नी ने फोन पर बेटी से बात की और उसे घर लौटने के लिए कहा। इसके बाद सुनैना अपने जीजा विजय के साथ वापस इटावा आ गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि उनकी बेटी का मर्डर हो चुका है।
सिर में ईंट मारकर उतारा मौत के घाट
बेटी की हत्या की जानकारी के बाद पूरा परिवार इटावा मुख्यालय स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचा। यहां पर उसका शव स्ट्रेचर पर पड़ा मिला। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने उन्हें बताया कि लड़की के सिर पर ईंट से वार किया गया और गर्दन पर चाकू से हमला किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर इस मर्डर की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
