मुज़फ्फरनगर। थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव सिखरेड़ा में रक्षाबंधन के दिन आपसी भाईचारे और धार्मिक सौहार्द की ऐसी अनोखी मिसाल देखने को मिली, जिसने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के जिला उपाध्यक्ष साहूद हसन, जो मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, ने गांव की हिंदू बहनों के घर जाकर राखी बंधवाई और जीवनभर उनकी सुरक्षा व सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। उनका यह कदम सिर्फ गांव ही नहीं, पूरे मुज़फ्फरनगर में चर्चा का विषय बन गया।
रक्षाबंधन के मौके पर जब अधिकांश लोग अपने-अपने घरों में पर्व मना रहे थे, तभी साहूद हसन ने गांव की गलियों से गुजरते हुए कई बहनों के घर पहुंचकर उनकी कलाई पर राखी बंधवाई। राखी बांधते समय बहनों की आंखों में खुशी और गर्व की चमक साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि यह पर्व न सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करता है, बल्कि समाज में प्रेम और विश्वास की डोर को भी मजबूती देता है। साहूद हसन ने बताया कि उनके लिए यह पर्व धर्म या जाति का नहीं, बल्कि रिश्तों और भावनाओं का है। इस दौरान उनके साथ इरशाद अली और खब्बाब सलमानी ने भी बहनों से राखी बंधवाकर नई मिसाल पेश की और भाईचारे के संदेश को और मजबूती दी।
गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने इस पहल को इंसानियत का सच्चा उदाहरण बताया। उनका कहना था कि जब लोग नफरत और भेदभाव की दीवारें गिराकर एक-दूसरे के करीब आते हैं, तो समाज में एकता और प्रेम की जड़ें और गहरी होती हैं। रक्षाबंधन के दिन पेश हुई यह मिसाल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरक कहानी बन गई है, जो सिखाती है कि भाईचारे का बंधन हर धर्म, जाति और भाषा से ऊपर है।
