उत्तर प्रदेश के शहर सहारनपुर में एक के बाद एक दुर्घटनाएं हो रही हैं। पिछले पांच दिन में यहां हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात लोगों की मौत हो चुकी है। देवबंद बड़गांव मार्ग पर दो बाइक आमने-सामने से टकराई तो दोनों बाइक सवार की मौत हो गई। इसके बाद नागल कस्बे में एक डंपर ने कई लोगों को कुचल दिया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। अब नागल टपरी मार्ग पर फिर से हुई एक दुर्घटना में दो लोग मारे गए।
नागल क्षेत्र के ही कुछ लोग पटियाला में आयोजित हुई एक शादी समारोह से लौट रहे थे। यह सभी लोग शादी समारोह में काम करते हैं। इन लोगों से भरा ऑटो सुबह करीब 7:30 बजे सहारनपुर टपरी मार्ग पर एक अनियंत्रित पिकअप से भिड़ गया। इन दोनों की जोरदार टक्कर हुई। इस दुर्घटना में ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो से घायल लोगों को खींचकर बाहर निकाला।
इनमें 22 वर्षीय प्रदीप निवासी जोला उर्फ छोटू को मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा 15 वर्षीय गोविंद निवासी लाल वाला और 22 वर्षीय पुनीत समेत 30 वर्षीय संजय, 35 वर्षीय अरुण, 20 वर्षीय अरविंद और रामपुर थाना क्षेत्र के गांव लंढोरा गुर्जर निवासी 32 वर्षीय ऑटो चालक नीटू को गंभीर चोटे आई। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रदीप के साथ ऑटो चालक को भी मृत घोषित कर दिया।
