सहारनपुर में गागलहेड़ी के गांव रसूलपुर पापड़ेकी में कर्ज में डूबे किसान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान ने एक बैंक से लोन लिया था, जिसे वह चुका नहीं पा रहा था। बैंक कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्रता की और घसीटते हुए कार तक ले गए। इससे आहत होकर किसान ने घातक कदम उठाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के बेटे ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव रसूलपुर पापड़ेकी निवासी विनोद कुमार (50) ने 2016 में किसान क्रेडिट कार्ड पर 2.80 लाख रुपये का लोन लिया था। किसान की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से वह किश्त नहीं दे पा रहा था। विनोद के बेटे राजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को बैंक के चार कर्मचारी उनके गांव पहुंचे और जबरदस्ती पिता को गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगे। ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया।

परिजनों के मुताबिक, इसके बाद से विनोद मानसिक तनाव में आ गया। उसने रात में खाना भी नहीं खाया। बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे विनोद कुमार अपने घर से निकल गया। गांव में ही रामपाल के खेत में जाकर मफलर से पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के बेटे ने थाना गागलेहड़ी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights