सहारनपुर(मनीष अग्रवाल)।
शुक्रवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आधिकारिक शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी शंकर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक (यातायात) शैलेन्द्र श्रीवास्तव द्वारा कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा सभी से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया। ‘राहवीर योजना’ से जुड़ने हेतु प्रतिभागियों को प्रेरित किया गया तथा सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने पर विशेष बल दिया गया। माह भर चलने वाली जागरूकता एवं प्रवर्तन संबंधी विभिन्न गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में सभी उपस्थित जनों ने सड़क सुरक्षा संकल्प भी लिया। पुलिस अधीक्षक (यातायात) एवं सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सहारनपुर द्वारा सड़क सुरक्षा संदेश वाहिनी (प्रचार वाहन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो माह भर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा संदेश का प्रसार करेगी। अंत में उपस्थित जनसमूह ने सड़क सुरक्षा के नारे लगाते हुए जन-जागरूकता मार्च निकाला। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा कैलेंडर 2026 का भी वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में ए.आर.टी.ओ. एम.पी. सिंह, संदीप जायसवाल, पी.टी.ओ. वी.वी. शुक्ला, यातायात प्रभारी अमित तोमर,व लोकेश कुमार, आर.आई.रोहित सिंह, मुख्य यातायात वार्डन डॉ. योगेन्द्र दुहेड़ा, ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष पी.पी. सिंह, अन्य परिवहन व्यवसायीगण एवं अखंड हिन्द फौज के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
