मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही महिला नेत्री पूजा अनिल अंबेडकर को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए समाजवादी महिला सभा का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति एवं प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की संस्तुति पर समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने पूजा अनिल अंबेडकर को मुजफ्फरनगर जनपद का समाजवादी महिला सभा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व ने उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक कार्यों में निरंतर भागीदारी को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पूजा अनिल अंबेडकर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में समाजवादी महिला सभा जनपद में और अधिक मजबूत होगी तथा महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का अभियान तेज किया जाएगा। नव नियुक्त जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए महिला सभा लगातार सक्रिय अभियान चलाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूती के साथ जीत दिलाने और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के मिशन को सफल बनाने के लिए वह पूरी ताकत के साथ कार्य करेंगी। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, महिलाओं को पार्टी से जोड़ने और जनसमस्याओं को उठाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। पूजा अनिल अंबेडकर के जिलाध्यक्ष बनने से पार्टी में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में समाजवादी महिला सभा जिले में संगठन को नई दिशा देने का काम करेगी।
