विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा जनहित के कार्य करने के लिए विधायक सदन के समय का सदुपयोग करें। अध्यक्ष गुरुवार को विधान भवन में आयोजित विधायकों के संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अगले महीने होने वाले बजट सत्र को लेकर आयोजित हुए इस कार्यक्रम के पहले दिन मध्य क्षेत्र के विधायकों से संवाद किया गया।
अध्यक्ष ने कहा कि विधायक बनने के लिए कई तरह की योग्यताएं हो सकती है, पर विधायक बनने के बाद विधानसभा ही एक ऐसा प्लेटफार्म है जहां से जनपेक्षाओं को पूरा किया जा सकता है। यहां की बात का बड़ा महत्व होता है। सदन में कही गई बात पूरे प्रदेश तक जाती है।इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि संसदीय शिष्टाचार के लिए इस तरह की बैठकों का बड़ा महत्व होता है। सभी विधायकों के दल अलग-अलग हो सकते हैं, पर सबका उद्देश्य जन सेवा और अपने क्षेत्र का विकास ही होता है, इसलिए बजट सत्र के पूर्व विभागों के बारे में आवश्यक जानकारी करते हुए ऐसे 10 बिंदु तैयार कर लें, जिससे सदन में अपनी बात को बेहतर ढंग से रखा जा सके। कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, नितिन अग्रवाल, समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण आदि ने संबोधित किया।
प्रारंभ हुए क्षेत्रवार संवाद कार्यक्रम के तहत आज मध्य क्षेत्र के विधायकों के संवाद किया गया। जिसमें संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के साथ मंत्रियों राकेश सचान, नितिन अग्रवाल, रजनी तिवारी सुरेश राही, असीम अरुण अजीत पाल को मिलाकर कुल 40 विधायक उपस्थित थें।