झारखंड के गोड्डा जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र में गुरुवार अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बोरियो-बोआरीजोर मुख्य सड़क पर दो बसों की आमने-सामने टक्कर में कई यात्री घायल हो गए।

दोनों बसों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र में बांसभीट्टा गांव के पास गुरुवार सुबह भीषण सड़क दुर्घटना हुई। बोरियो-बोआरीजोर मुख्य सड़क पर दो बसें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और परखच्चे उड़ गए। हादसे में कई यात्री घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बोआरीजोर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोआरीजोर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया जाएगा।

पुलिस मामले की जांच कर रही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी भयानक थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। बसों की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि दुर्घटना कितनी गंभीर थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights