उत्तर प्रदेश में कांवड़िये भोले की भक्ति में मग्न आंधी, बारिश, तूफ़ान,गर्मी, सभी बाधाओं को चीरते हुए गंगा तट से शिवालय की ओर बढ़ते चले जा रहे हैं। सीएम योगी के आदेशानुसार हेलीकॉप्टर से कहीं कहीं फूलों की वर्षा भी की जा रही है। ऐसा लग रहा है मानों पूरा प्रदेश इस वक्त भगवान शंकर की भक्ति में डूब गया है।

इसी बीच एक शिवभक्त ऐसा भी दिखा जिसने शिवशंकर की भक्ति के साथ-साथ देशभक्ति का रंग भी अपनी कांवड़ और शरीर पर चढ़ा लिया है। दरअसल, शामली का एक कांवड़ियां देश के सैनिकों के लिए हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचा है। इस कांवडिए ने अपने शरीर पर पिन से 51 तिरंगे भी लगा रखे हैं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय बन गया है।

बता दें कि शामली जिले के गांव भारसी निवासी भोला विजय हिंदुस्तानी हरिद्वार से गंगाजल लेकर सोमवार को शिव चौक पर पहुंचा। इस दौरान विजय ने अपने शरीर पर पिन के जरिये 51 तिरंगे लगा रखे है और देश के शहीद सैनिकों के नाम भी गुदवा रखे हैं। विजय का कहना है कि वह केवल देश के सैनिकों के लिए कांवड़ लेकर आया है।

इस भोले का कहना है कि उसने भगवान शिव से यही मनोकामना मांगी है कि देश का एक भी जवान शहीद न हो, क्योंकि जब भी कोई जवान शहीद होता है, तो उसके परिवार पर पहाड़ टूट पड़ता है। आपको बताते चलें कि यह कांवड़िया सैनिकों के लिए 31 लीटर जल अपनी गंगाजी में रखकर आगे बढ़ रहा है। उसने अपनी कांवड़ में आगे की तरफ शहीद भगत सिंह की तस्वीर भी लगा रखी है। उसका कहना है कि शरीर पर तिरंगे गुदने की वजह से वह कंधों पर जल नहीं उठा सकता है।

भोले विजय ने बताया कि वह पुरा महादेव पर जलाभिषेक करेगा। इसके बाद शहीद के परिवारों को यह गंगाजल दिया जाएगा। शरीर में पिन लगाने की वजह से उसने टिटनेस के इंजेक्शन भी लगवाने पड़े हैं। रोजाना वह सोने के समय तिरंगे वाले बैच को निकाल देता है, सुबह फिर से लगा लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights