मुजफ्फरनगर में एक शादी समारोह में उस समय बवाल हो गया। जब घुड़चढ़ी के दौरान की गई आतिशबाजी की चिंगारी मुस्लिम वर्ग के एक मकान की छत पर गिर गई। इस बात पर दोनों समुदाय के लोगों में कहासुनी हो गई। जिसने विवाद का रूप ले लिया। इसके चलते बरातियों पर हमला कर दिया गया। जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। इस घटना के दौरान पांच बराती घायल हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

जानिए पूरी घटना 
जानकारी के मुताबिक, यह घटना तितावी थाना क्षेत्र के गांव सैदपुरा खुर्द की है। यहां के निवासी मुकेश कश्यप की बेटी ज्योति की शादी चरथावल क्षेत्र के गांव नंगला राई निवासी विकास कश्यप के साथ तय हुई थी। गुरुवार दोपहर बाद बरात गांव में पहुंची। सभी लोग बहुत खुश थे। घुड़चढ़ी में म्यूजिक सिस्टम की धुनों पर नाचते हुए बराती जब मुस्लिम आबादी में पहुंचे, तो आतिशबाजी भी की गई। तभी  आतिशबाजी की एक चिंगारी गांव के ही सरताज पुत्र सिकंदर के मकान की छत पर जा गिरी। इस कारण उनकी छत पर रखी लकड़ियां जल गई। जिसके बाद उनके परिवार और बरातियों के बीच कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया।

लाठी-डंडों से किया हमला
कहासुनी के बाद ये विवाद काफी ज्यादा बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। उन्होंने बरातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि सरताज व सहरून के परिवार से 50 से ज्यादा लोगों ने बरातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे बरातियों में भगदड़ मच गई। इस दौरान पथराव करने का भी आरोप है। जिस कारण बरातियों के सिर फट गए। पांच बरातियों के घायल होने की जानकारी है। इस घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

गांव में तनाव की स्थिति
बवाल दो समुदाय के लोगों के बीच हुआ, इसलिए गांव में तनाव का माहौल है। भारी पुलिस बल भी तैनात है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना में अमित, जगमोहन, बलवीर और रोकी समेत पांच लोग घायल हुए हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघरा पर भर्ती कराया गया है। दूल्हा विकास के रिश्तेदार सचिन की तरफ से 14 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 
 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights