उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी और लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया। जहां एक शातिर चोर पेशाब करने के बहाने पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया। लेकिन जब पुलिस ने उसे घने जंगलों से दबोचा और भागने की वजह पूछी, तो खुलासा इतना अजीब था कि खुद कप्तान साहब भी दंग रह गए।

क्या है पूरा मामला?
मामला अतर्रा कोतवाली क्षेत्र का है। बांदा जेल में बंद चुन्नू नाम के एक आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच अतर्रा की अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। चुन्नू पर जनवरी 2026 में चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ था और वह तब से सलाखों के पीछे था। पुलिस के मुताबिक, चुन्नू को नशे की बहुत बुरी लत है और वह चोरी के पैसे सिर्फ शराब में उड़ा देता था।

पुलिस को छकाया और दीवार फांदकर मौज करने निकल गया
अदालत में पेशी के बाद, जब पुलिस टीम उसे वापस ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी चुन्नू ने बाथरूम जाने का बहाना बनाया। मौका पाते ही वह चीते की रफ्तार से दीवार फांदकर रफूचक्कर हो गया। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा, तो पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में एसपी पलाश बंसल को सूचना दी गई, जिन्होंने तुरंत 3 टीमें बनाकर बीहड़ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

‘जेल में शराब नहीं मिलती, दिमाग काम नहीं कर रहा था’
पुलिस ने जब फतेहगंज के जंगलों से चुन्नू को दोबारा गिरफ्तार किया, तो उसने अपनी फरारी का जो लॉजिक दिया, उसने सबको सिर पकड़ने पर मजबूर कर दिया। चुन्नू ने बताया कि साहब, जनवरी से जेल में बंद हूं, वहां एक बूंद शराब नसीब नहीं हुई। नशे के बिना मेरा दिमाग काम करना बंद कर गया था। बस मुझे नशा ही नशा दिख रहा था। इसीलिए मैं भागा। भागने के बाद सबसे पहले मैंने जी भरकर शराब पी, फिर ससुराल जाकर मौज की और पुलिस से बचने के लिए जंगल में छिप गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights