समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने झांसी दौरे के दौरान योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने सरकार पर विपक्षी नेताओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और संत समाज के अपमान का गंभीर आरोप लगाया। अखिलेश ने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विनाशकारी नीतियों का जवाब जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता से बाहर करके देगी।

शंकराचार्य और बटुकों के अपमान पर घेरा
अखिलेश यादव ने प्रयागराज माघ मेले की घटनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार शंकराचार्य जी से प्रमाण पत्र मांगकर उन्हें अपमानित कर रहे हैं। यदि कोई गलती हुई है, तो माफी मांगनी चाहिए। माफी मांगना साहस का काम है। उन्होंने आरोप लगाया कि माघ मेले में बटुकों की शिखा खींचकर उन्हें अपमानित किया गया। इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए पूछा कि जब यह सब हो रहा था, तब वे कहां थे?

सुरक्षा में कटौती को बताया राजनीतिक प्रतिशोध
अपनी और राहुल गांधी की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सुरक्षा घटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी एनएसजी (NSG) सुरक्षा बिना किसी ठोस कारण के हटा ली गई। साथ ही राहुल गांधी की एसपीजी (SPG) सुरक्षा हटाने को भी उन्होंने राजनीतिक द्वेष करार दिया। सरकार को बताना चाहिए कि किस रिपोर्ट के आधार पर पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में कटौती की जा रही है।

बुलडोजर और 2027 का दावा
अखिलेश यादव ने बुलडोजर कार्रवाई पर भी कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि बुलडोजर के नाम पर कानून और संविधान की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार जिस तरह सबका अपमान कर रही है, उसका अंजाम उन्हें 2027 में भुगतना होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights