राजवीर सिंह प्रजापति ने नेत्रहीनों के ऑपरेशन, विकलांगों को ट्राई साइकिल व समाज की सेवा में कार्य किये: मोहन प्रजापति
मुजफ्फरनगर। ग्रीन फिल्ड पब्लिक स्कूल में अमूल्य जीवन सेवा ट्रस्ट की ओर से विकलांगों के लिए विशेष ट्राई साइकिल वितरित शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अति पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. राजवीर सिंह प्रजापति के परोपकारी जीवन और समाजसेवा को समर्पित रागिनी प्रस्तुत की गई। रागिनी में गायक गुर्जर विश्वास मेघा ने डॉ. प्रजापति द्वारा गरीब, असहाय और नेत्रहीनों की सेवा में किए गए कार्यों का वर्णन किया। हरिद्वार से आई कैमरामैन टीम ने इस रागिनी का वीडियो रिकॉर्ड किया। रागिनी में डॉ. राजवीर सिंह प्रजापति के गुरु डॉ. बृजेश पंवार, राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति और केबिनेट मंत्री अनिल कुमार के साथ जगतबंधु सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सुमित प्रजापति को प्रेरणादायक बताया गया। कार्यक्रम के दौरान मोहन प्रजापति ने कहा कि डॉ. राजवीर सिंह प्रजापति ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हजारों गरीब और असहाय लोगों की मदद की है। उन्होंने नेत्रहीनों के ऑपरेशन करवाए, विकलांगों को ट्राई साइकिल और अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए और रक्तदान शिविरों का आयोजन कर समाज की सेवा की।

उन्होंने कहा कि डॉ. प्रजापति के ये कार्य पूरे जनपद के लिए मिसाल हैं। इस अवसर पर 32 दिव्यांग जनों को बैटरी चालित रिक्शा वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश वालिया, अति पिछड़ा वर्ग जिला अध्यक्ष विजय पाल, बसपा जिला अध्यक्ष आनंद प्रकाश, वरिष्ठ नेता सुमित प्रजापति, जगदीश प्रजापति, सतीश शर्मा, सुंदरलाल प्रजापति, अमित त्यागी, डॉ. काका, आशु नवाज, रवि पाल, प्रियांशी और प्रदीप प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। डा. राजवीर सिंह प्रजापति ने इस अवसर पर कहा कि समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और उनका प्रयास है कि असहाय लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
