औद्योगिक नगरी में कानून व्यवस्था के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। यहां बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब आम आदमी का सड़कों पर सुरक्षित चलना भी मुहाल हो गया है।

ताजा खौफनाक मंजर गिल गांव के पास स्थित गांव टोबा में देखने को मिला, जहां 26 फरवरी की रात बाइक सवार पांच नकाबपोश दरिंदों ने एक डिपार्टमेंटल स्टोर मालिक और उनके बेटे पर जानलेवा हमला बोलकर उनकी एक्टिवा व नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, अशोक कुमार और उनका बेटा पुनीत कुमार रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे अपनी दुकान बंद करके ब्लैक कलर की एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे टोबा गांव के पास पहुंचे, पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच लुटेरों ने फिल्मी अंदाज में उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।

इस दौरान लुटेरों ने पुनीत कुमार पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना बेरहम था कि पुनीत के सिर और शरीर पर करीब 17 टांके आए हैं और वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि यह पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह लुटेरों ने पिता-पुत्र को घेरा और मारपीट शुरू की। फुटेज में बदमाश पुनीत को घसीटते हुए पीछे की तरफ ले जाते दिख रहे हैं, जबकि उनके साथी एक्टिवा और नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। सीसीटीवी के पुख्ता सबूत होने के बावजूद खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद मराडो पुलिस चौकी में गुहार लगाई गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज करना मुनासिब नहीं समझा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights