मुजफ्फरनगर। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 77वां गणतन्त्र दिवस समारोह बड़े हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। साथ ही रोटरी क्लब ‘समर्पण’ की ओर से कंप्यूटर लैब के विस्तारीकरण का लोकार्पण भी किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि रोटरी क्लब ‘समर्पण’ के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सीए नितिन अग्रवाल एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारीगणों, प्रबंध समिति अध्यक्ष सूरत सिंह वर्मा, प्रबंधक बाल बहादुर, न्यू बाल कल्याण समिति के प्रबंधक ललित महेश्वरी, विद्या भारती प.उ.प्र. के अध्यक्ष अरुण खंडेलवाल, अरविंद मित्तल, योगेंद्र जैन, भानु प्रताप तथा प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश कुमार शर्मा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश कुमार शर्मा एवं रोटरी क्लब की ओर से असिस्टेंट गवर्नर नियम शर्मा ने आगंतुक अतिथियों का परिचय कराया। एनसीसी कैडेट्स ने ध्वज प्रणाम एवं शस्त्र प्रणाम किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्राइमरी विंग के बच्चों ने सामूहिक नृत्य पेश किया। इसके पश्चात सीनियर विंग की छात्राओं ने, आरंभ है प्रचंड.. पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। संगीत शिक्षिका अनन्या त्रिपाठी ने, ए मेरे वतन के लोगों.. देशभक्ति गीत सुनाकर सभी भाव विभोर कर दिया। जूनियर विंग की छात्राओं ने, तेरा हिमालय.. पर नृत्य प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया। प्राइमरी विंग के छात्र रेयांश त्यागी एवं सीनियर विंग के छात्र देवांश सैनी ने अंग्रेजी भाषा तथा अर्णव ने संस्कृत भाषा में गणतंत्र दिवस पर अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्र नमन शर्मा ने वीर रस की कविता सुनाकर सभी में जोश भर दिया। इसके अतिरिक्त प्राइमरी विंग की नन्ही मुन्नी बालिकाओं द्वारा, नन्हा-मुन्ना राही हूँ… पर शानदार प्रस्तुति दी गई। सीनियर विंग की छात्राओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित अभिनय नृत्य का भाव विभोर प्रदर्शन कर सभी को देश-भक्ति के भाव से सराबोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीए नितिन अग्रवाल ने सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि हमारे देश ने इन वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में उन्नति की है और भविष्य में भी हम इसी प्रकार उन्नति के मार्ग पर अग्रसर रहेंगे। हमें संविधान से द्वारा प्रदत्त अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी पूर्ण करने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर आगंतुक अतिथियों के द्वारा रोटरी क्लब ‘समर्पण’ की ओर से कंप्यूटर लैब के विस्तारीकरण का लोकार्पण भी किया गया। रोटरी क्लब ‘समर्पण’ की ओर से विद्यालय के पूर्व छात्र के भारतीय नौसेना में चयन होने पर स्मृति चिन्ह प्रदानकर सम्मानित किया गया। साथ ही मेरठ में एडमिट कैंसर पीड़ित बच्चे के उपचार हेतु नकद धनराशि भी प्रदान की गई। विद्या भारती प.उ.प्र. के अध्यक्ष अरुण खंडेलवाल ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि विद्या भारती के पूर्व छात्र विश्वभर में विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रहे हैं। नई शिक्षा नीति के निर्माण में भी विद्या भारती का अहम रोल रहा है। अंत में उन्होंने आगन्तुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर रोटरी क्लब के पदाधिकारियों के अतिरिक्त विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक पंकज त्यागी व मीनाक्षी त्यागी एवं छात्र दिव्यांश शर्मा व ओम पंत ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के साथ हुआ।
