पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद से विपक्षी दल खासकर कांग्रेस केंद्र सरकार पर सवाल उठा रही हैं. इस बीच, राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने सोशल मीडिया के जरिए सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल करते हुए पूछा कि क्या धनखड़ अस्पताल में भर्ती हैं? या योगाभ्यास कर रहे हैं?
सिब्बल ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “लापता धनखड़… अमित शाह जी, मुझे मालूम है कि आप असत्य से दूर रहते हैं. हमें इतना तो बता दीजिए कि धनखड़ जी हॉस्पिटल में हैं, योग कर रहे हैं, या फिर टेबल टेनिस खेल रहे हैं?”
Lapata Dhankar
Amit Shah ji :
Mujhe maloom hai ke aap asatya se
door rehte hainHamein itna to bata dijiye ke Dhankar ji kya :
hospital mein hain
ya
yoga kar rahe hain
aur
table tennis khel rahe hain ?— Kapil Sibal (@KapilSibal) August 26, 2025
एक दिन पहले ही अमित शाह ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ ने अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है और इसमें किसी को कुछ खोजने की जरूरत नहीं है. शाह ने यह भी कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए धनखड़ ने अच्छा काम किया.
योगाभ्यास और टेबल टेनिस में व्यस्त हैं धनखड़
हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद धनखड़ अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं और नियमित योगाभ्यास कर रहे हैं. इसके साथ ही, वे टेबल टेनिस खेलना भी नहीं भूले हैं.
धनखड़ जब पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे, तब से ही उन्हें टेबल टेनिस का शौक था. उनके करीबी लोगों का कहना है कि वह रोजाना योग करते हैं और अपने स्टाफ और करीबियों के साथ टेबल टेनिस खेलते हैं.
अचानक इस्तीफे के बाद चुनाव की तैयारी
धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था. उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था. अब उनके उत्तराधिकारी के चुनाव की तैयारी जोरों पर है.
केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है. वहीं, विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को उनके खिलाफ मैदान में उतारा है. चुनाव 9 सितंबर को होने वाले हैं.
मेरा नाम पंकज यादव है. मैं उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रहने वाला हूं. मैंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और बीबीएयू यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. मुझे पत्रकारिता में लगभग 8 साल का अनुभव है. मैंने इस दौरान अलग-अलग मीडिया संस्थानों लाइव टुडे न्यूज चैनल, इनशॉर्ट्स न्यूज ऐप और दैनिक भास्कर डिजिटल के लिए काम किया है. मुझे पॉलिटिकल, खेल और फीचर से जुड़े लेख लिखना पसंद है.
