बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने बरियारपुर इलाके में चल रहे एक संगठित और हाईटेक देह व्यापार गिरोह का खुलासा किया है। एएसपी हेमंत सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने एक सुनियोजित छापेमारी के दौरान मुख्य सरगना नंदलाल और चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। छतौनी क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर पुलिस द्वारा देह व्यापार के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

व्हाट्सएप और क्यूआर कोड से होता था ‘डिजिटल’ सौदा 

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह बेहद आधुनिक और हाईटेक तरीके से काम कर रहा था। आरोपी ग्राहकों को व्हाट्सएप के जरिए महिलाओं की तस्वीरें भेजते थे। सौदा तय होने के बाद भुगतान के लिए क्यूआर कोड (QR Code) का इस्तेमाल किया जाता था।  इस तरीके का इस्तेमाल करके गिरोह पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश करता था।

टीवी कार्यक्रम से ली थी ‘सुरक्षा’ की सीख 

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी नंदलाल ने पुलिस को बताया कि वह पिछले सात-आठ महीनों से यह धंधा चला रहा था। उसने स्वीकार किया कि एक टीवी कार्यक्रम से प्रेरित होकर उसने यह तरीका अपनाया था। गिरोह एक ही स्थान पर काम करने के बजाय महिलाओं को अलग-अलग सुरक्षित ठिकानों पर रखता था और ग्राहक से सौदा पक्का होने के बाद उन्हें तय स्थान पर भेजा जाता था। नंदलाल ने यह भी कबूल किया कि जरूरत पड़ने पर दिल्ली जैसे राज्यों से भी महिलाओं को देह व्यापार के लिए बुलाया जाता था।

पुलिस ने बिछाया जाल, ग्राहक बनकर पकड़ा 

इस गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस ने एक सिपाही को ग्राहक बनाकर नंदलाल के पास भेजा। जैसे ही सौदा तय हुआ और गिरोह ने महिलाओं को स्थान पर भेजने की तैयारी की, पुलिस की टीम ने दबिश देकर सभी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी 

इस सफल ऑपरेशन में एएसपी हेमंत सिंह के अलावा प्रशिक्षण डीएसपी कुमारी प्रियंका, पुलिस निरीक्षक मृत्युंजय कुमार पासवान, अपर थानाध्यक्ष श्रीकांत और महिला पुलिसकर्मियों की टीम शामिल थी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेंदुए के हमले में सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खैरीघाट थाना क्षेत्र के बाजपुरवा गांव में शाम करीब पांच बजे आफरीन (7), पुत्री तसव्वर, अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान झाड़ियों से निकले तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बच्ची अस्पताल में भर्ती बच्ची की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शोर मचाते हुए लाठी-डंडों के साथ तेंदुए की ओर बढ़े, जिसके बाद जंगली जानवर वहां से भाग गया। ग्रामीणों ने घायल बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सीएचसी शिवपुर के चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि बच्ची गंभीर हालत में अस्पताल लाई गई थी। उसकी स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गांव में दहशत का माहौल घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता ने बताया कि टीम द्वारा क्षेत्र में जांच की जा रही है। रात का समय होने के कारण तेंदुए के स्पष्ट पगचिह्न नहीं मिल सके हैं, लेकिन इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और आसपास के जंगल व झाड़ियों की निगरानी की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और नियमित गश्त कराने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों से बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और शाम के समय विशेष सतकर्ता बरतने की अपील की है।

Verified by MonsterInsights