अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 12 पैसे की बढ़त के साथ 88.04 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

निवेशक नयी दिल्ली में होने वाली अमेरिका-भारत व्यापार वार्ता से संकेतों का इंतजार कर रहे हैं। अमेरिकी वार्ताकार ब्रेंडन लिंच मंगलवार को भारतीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि रुपये पर असमान प्रवाह और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शुल्क झटकों का लगातार दबाव बना हुआ है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.05 पर खुला और फिर 88.04 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे की बढ़त है।

शुरुआती कारोबार में, घरेलू मुद्रा डॉलर के मुकाबले 88.16 पर भी पहुंच गई थी।

सोमवार को, रुपया 10 पैसे बढ़कर 88.16 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.22 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.25 प्रतिशत बढ़कर 67.61 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 201.69 अंक चढ़कर 81,987.43 अंक पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 52.8 अंक बढ़कर 25,122 अंक पर था।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध आधार पर 1,268.59 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights