उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित मोदीनगर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक रिटायर्ड फौजी की पत्नी ने अपने ही पति के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस को घर में छिपे प्रतिबंधित कारतूसों की जानकारी दे दी। पुलिस ने छापेमारी कर घर से 42 प्रतिबंधित कारतूस बरामद किए हैं, जिसके बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है।

पत्नी ने पुलिस को दी सूचना
मामला राजाकुंज कॉलोनी का है। आरोपी आदेश कुमार 1988 में जाट रेजिमेंट में भर्ती हुए थे और 2015 में डिफेंस सिक्योरिटी कोर से रिटायर हुए। आदेश की पत्नी कविता का आरोप है कि उनके पति ने सेना में नौकरी के दौरान वहां से कारतूस चोरी किए और उन्हें घर में छिपाकर रख दिया। कविता को ये कारतूस एक पुराने मोजे में लिपटे हुए मिले, जिसके बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर दी।

बक्से से निकले 42 कारतूस
पुलिस ने जब आदेश के बक्से की तलाशी ली, तो वहां से 7.62 एमएम के 35, 9 एमएम के 5, और 12 एमएम के 2 कारतूस बरामद हुए। इसके साथ ही 5.56 एमएम का एक खोखा भी मिला। ये सभी कारतूस प्रतिबंधित श्रेणी के हैं और इन्हें आम नागरिक नहीं रख सकता।

मारपीट और घरेलू विवाद का मामला
कविता का कहना है कि उनके पति और ससुराल वालों ने उन्हें लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा था। पति ने उन पर झूठा आरोप लगाया था कि कविता ने उनका लाइसेंसी हथियार छिपा लिया है। इसी विवाद के बीच कविता ने बरेली रेजिमेंट सेंटर जाकर भी शिकायत की थी, लेकिन वहां से स्थानीय पुलिस को सूचना देने की सलाह मिली। इसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने कार्रवाई की।

आरोपी फौजी फरार, पुलिस कर रही तलाश
एसीपी भास्कर वर्मा के मुताबिक, पत्नी की शिकायत पर आरोपी रिटायर्ड फौजी आदेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी मेरठ में अपनी बहन के घर से भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस यह जांच कर रही है कि इन कारतूसों को रखने के पीछे आदेश का क्या मकसद था और क्या वह किसी बड़ी साजिश की तैयारी में था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights