लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ओडिशा में ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम एवं पार्टी के अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए शुक्रवार को राज्य की राजधानी पहुंचे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यहां हवाई अड्डे पर पार्टी की ओडिशा इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

गांधी और खरगे हवाई अड्डे से सात किलोमीटर की यात्रा करके बारामुंडा मैदान स्थित सभा स्थल पहुंचे।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख भक्त चरण दास सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

ओडिशा में रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने राज्या सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ओडिशा को लूट रही है, जैसे बीजू जनता दल (बीजद) ने अपने कार्यकाल के दौरान किया था।


उन्होंने दावा किया कि भाजपा पूंजीपतियों के साथ है जबकि कांग्रेस गरीब लोगों, दलितों, आदिवासियों के साथ खड़ी है।

भुवनेश्वर में कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी चुनाव को ‘अपने पक्ष में’ करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन की हालिया बैठक में भाजपा को बिहार में चुनाव को ‘अपने पक्ष में’ करने से रोकने का फैसला किया गया है।

पिछले साल राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद राहुल गांधी का यह पहला ओडिशा दौरा है। उन्होंने 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान राज्य का दौरा किया था।


गांधी और खरगे के वहां पहुँचने पर पार्टी के सभी विधायक, कांग्रेस सांसद सप्तगिरि उलाका, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष, मंत्री और कई अन्य लोग सभा स्थल पर मौजूद थे।

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने बताया कि गांधी और खरगे के अलावा पार्टी महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘आमतौर पर गांधी चुनाव से पहले ओडिशा में ऐसे बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों को संबोधित करते हैं। हालांकि इस बार वह ऐसे समय में एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं जब निकट भविष्य में कोई चुनाव नहीं है।’’
पुलिस ने भुवनेश्वर में कांग्रेस की रैली के मद्देनजर यात्रियों के लिए यातायात परामर्श जारी किया है। एयरपोर्ट स्क्वायर से जयदेव विहार स्क्वायर तक लोगों की भारी भीड़ उमड़ने की आशंका है।

इस बीच, अपने सदस्यों के लिए कल्याणकारी उपायों की मांग को लेकर ‘काम रोको अभियान’ चला रहे एक वाहनचालक संघ ने घोषणा की है कि वह कांग्रेस की रैली के मद्देनजर अपने प्रदर्शन में ढील देगा।

वाहनचालक महासंघ के अध्यक्ष प्रशांत मेंडुली ने कहा कि संघ के सदस्य राहुल गांधी की रैली में भाग लेने के लिए भुवनेश्वर जाने वाले किसी भी वाहन को नहीं रोकेंगे।

राज्य में बसों, ट्रकों, टैक्सियों, ऑटोरिक्शा और अन्य व्यावसायिक वाहनों के चालकों की हड़ताल पर चिंता व्यक्त करते हुए दास ने आरोप लगाया, ‘‘राज्य सरकार ने साजिश रची है ताकि हड़ताल जारी रहे। उनकी इस साजिश के कारण राज्य के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि आवश्यक वस्तुओं का परिवहन प्रभावित हुआ है।’’

ओडिशा के वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि चालकों को प्रदर्शन की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि संघ की सभी मांगों पर चर्चा हो चुकी है।

जेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘11 जुलाई को होने वाली कांग्रेस की रैली का समर्थन करना और एक दिन के लिए प्रदर्शन स्थगित करना दर्शाता है कि आंदोलन में राजनीति घुस गई है। प्रदर्शन के नाम पर निर्दोष चालकों को गुमराह न करें। मैं चालक भाइयों से आग्रह करता हूं कि वे प्रदर्शन से दूर रहें।’’

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights