केरल भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेवन द्वारा टीवी चैनल की लाइव डिबेट में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सीने में गोली मारने की धमकी देना अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। इस विवादित बयान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश भड़का दिया है। गुरुवार को गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाना खैरागढ़ पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी प्रवक्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की।

विधायक ने कहा कि यह बयान न केवल लोकतंत्र और संवैधानिक मर्यादाओं पर हमला है, बल्कि पूरे देश की जनता की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ गंभीर मामला है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आरोपी पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी।

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता का यह बयान उनकी “हिंसक मानसिकता और असली चरित्र” को उजागर करता है। यह राजनीति में असहमति के बजाय नफरत और हिंसा का माहौल फैलाने की कोशिश है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी पर इस तरह की धमकी देना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पूरे लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने की साजिश है। कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights