नितिन नवीन की बीजेपी अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी के बाद केंद्र सरकार की ओर से उन्हें दिल्ली में सरकारी आवास आवंटित कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक, केंद्र की ओर से नितिन नवीन को लुटियंस दिल्ली के प्रतिष्ठित इलाके में स्थित 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग का बंगला दिया गया है. सूत्रों के अनुसार, पहले नितिन नवीन को 9 सुनहरी बाग लेन का बंगला दिया जा रहा था, लेकिन वह उन्हें पसंद नहीं आया. इसके बाद उन्होंने वैकल्पिक बंगला के लिए अनुरोध किया था, जिसके बाद उन्हें 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग का बंगला दिया गया है. बता दें कि यह टाइप-8 श्रेणी का सरकारी बंगला है और इसमें पहले झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन रहते थे.
कितना लग्जरी है यह बंगला?
टाइप-8 सरकारी बंगला बेहद हाई ग्रेड माना जाता है. जानकारी के मुताबिक, इस बंगले में 8 बड़े कमरे होते हैं. जिनमें 5 से 6 बेडरूम, विशाल ड्राइंग रूम, स्टडी रूम, मॉडर्न किचन और डाइनिंग एरिया शामिल हैं. इसके अलावा निजी गैराज, स्टोर रूम और स्टाफ क्वार्टर की अलग व्यवस्था भी रहती है. टाइप-8 सरकारी बंगले के पूरे परिसर में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और 24 घंटे सुरक्षाबलों की तैनाती रहती है.
बंगले से शिबू सोरेन का कनेक्शन
जानकारी के अनुसार, झारखंड के दिवंगत मुख्यमंत्री शिबू सोरेन दशकों तक इस बंगले में रहे थे. बतौर सांसद (लोकसभा और राज्यसभा) उन्हें यह बंगला आवंटित हुआ था. बतौर केंद्रीय मंत्री भी वह इसी बंगले में रहते थे. 4 अगस्त 2025 को उनके निधन तक यह बंगला उनके आधिकारिक निवास के रूप में दर्ज था. उनके निधन के बाद बंगले को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को आवंटित किया गया है.
नितिन नवीन के पड़ोसी कौन होंगे?
मोतीलाल नेहरू मार्ग पर कई बड़े राजनेताओं के आवास हैं. इनमें जेपी नड्डा, राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी शामिल हैं. पूर्व बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा इस वक्त 7-B, मोतीलाल नेहरू मार्ग वाला आधिकारिक आवास आवंटित हो रखा है. वहीं 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग वाले बंगले में दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह रहते थे. उनसे पहले यहां दिल्ली की दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित रहती थीं. मोतीलाल नेहरू मार्ग के पास ही 10 जनपथ आवास है, जिसमें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी रहती हैं.
