रामनगरी अयोध्या गुरुवार को यानी आज (5 जून) एक बार फिर ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पल का साक्षी बनने जा रही है। आज श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पहले तल पर राजा राम के दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन होगा। इसके साथ ही मंदिर के चारों ओर बने 7 उप-मंदिरों में भी देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कैसे होगा प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम?
यह आयोजन गंगा दशहरा के पावन दिन पर हो रहा है, जो धार्मिक रूप से बहुत खास माना जाता है। प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य अनुष्ठान सुबह 11:25 से 11:40 के बीच किया जाएगा। इसमें अयोध्या और काशी के 101 वैदिक आचार्य वेद मंत्रों के साथ पूजा-अनुष्ठान करेंगे। श्रीराम दरबार की मूर्तियां जयपुर से लाए गए मकराना संगमरमर से बनाई गई हैं। साथ ही परकोटे के सात उप-मंदिरों में शिव, गणेश, हनुमान, सूर्य, अन्नपूर्णा, भगवती और लक्ष्मण जी की मूर्तियों की भी प्राण प्रतिष्ठा होगी।

CM योगी का अयोध्या दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:30 बजे रामकथा पार्क हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से अयोध्या पहुंचेंगे। वे करीब 6 घंटे तक रामनगरी में रहेंगे और कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। राम मंदिर में पूजा और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम (करीब 2 घंटे रहेंगे), हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन, रामकथा पार्क में अयोध्या नगर निगम के दो साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम, सफाई मित्रों का सम्मान, नगर निगम की उपलब्धियों की प्रदर्शनी, सरयू तट पर सरयू महोत्सव का उद्घाटन और पूजन, मणिराम दास छावनी में महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव में भागीदारी, पुष्प वाटिका का अवलोकन, दोपहर 4:30 बजे लखनऊ रवाना।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रामनगरी में आज होने वाले भव्य आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह अतिरिक्त पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बड़ी LED स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि श्रद्धालु दूर से भी कार्यक्रम देख सकें। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि पूरी अयोध्या में फुलप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

भक्तों में उत्साह और उमंग
16 महीने पहले राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, और अब राजा राम के दरबार की स्थापना को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़ से बचें और सुविधानुसार दर्शन के लिए आएं। यह आयोजन ना केवल अयोध्या बल्कि पूरे देश के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राम मंदिर निर्माण के समापन की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights