संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) में आज अप्रैल से जुलाई के बीच अपना कार्यकाल पूरा कर रहे 59 सदस्यों को आज सदन में विदाई दी गई। विदा होने वाले सदस्यों में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और डिप्टी चेयरमैन हरिवंश जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं।
राजनीति में फुलस्टॉप नहीं होता: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदा हो रहे सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सदन से जा रहे अनुभवी सदस्यों की कमी खलेगी। उन्होंने विशेष रूप से डिप्टी चेयरमैन हरिवंश की प्रशंसा की। पीएम ने कहा कि राज्यसभा एक निरंतर चलने वाली व्यवस्था है, जहाँ नए सदस्य पुराने सदस्यों से सीखते हैं। संकट के समय सदन को संभालने के लिए उपसभापति की भूमिका की सराहना की। पीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि रामदास अठावले के व्यंग्य और कविताएं मीडिया के माध्यम से हमें मिलती रहेंगी।
शायराना अंदाज में बोले मल्लिकार्जुन खड़गे
विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने विदाई भाषण में खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा किया। उन्होंने एचडी देवगौड़ा की ओर इशारा करते हुए मजाकिया लहजे में कहा “देवगौड़ा जी ने प्रेम हमारे साथ किया और शादी मोदी साहब के साथ कर ली।” उन्होंने आगे कहा कि 54 साल के संसदीय जीवन के बाद भी वह आज भी सीख रहे हैं। खड़गे ने सदन की सभ्यता और गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया और कहा कि नेता कभी ‘रिटायर’ या ‘टायर्ड’ नहीं होते।
हरिवंश भी हुए भावुक
डिप्टी चेयरमैन हरिवंश ने अपने सफर को याद करते हुए कहा कि उनकी दुनिया बहुत छोटी थी, लेकिन जयप्रकाश नारायण और पूर्व पीएम चंद्रशेखर उनके प्रेरणास्रोत रहे। उन्होंने नीतीश कुमार का आभार व्यक्त किया जो उन्हें सार्वजनिक जीवन में लेकर आए। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार से लेकर सदन के उपसभापति तक का सफर उनके लिए ऐतिहासिक रहा है।
विदाई पाने वाले प्रमुख सदस्य
- कुल सदस्य: 25 राज्यों के 59 सांसद
- दिग्गज चेहरे: मल्लिकार्जुन खड़गे, एचडी देवगौड़ा, हरिवंश, शक्ति सिंह गोहिल, नीरज डांगी और फूलोदेवी नेताम
