महाकाल की नगरी उज्जैन से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। रील के चक्कर में एक पिता ने अपने मासूम बेटे से खतरनाक स्टंट करवाया है। पिता ने 9 साल के बच्चे को चलती कार के गेट पर लटका कर पूरे चौराहे पर घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बात पिता की सनक पर लोग सवाल उठा रहे हैं।
उज्जैन शहर से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने 9 साल के मासूम बेटे को फॉर्च्यूनर कार के दरवाजे से लटकाकर सड़क पर गाड़ी दौड़ा दी। यह शॉकिंग घटना मंगलवार रात चामुंडा माता चौराहे के पास की है। आरोपी पिता, दीपक पमनानी ने पुलिस को बताया कि उसने यह खतरनाक स्टंट महज एक वीडियो बनाने के लिए करवाया था।
रील के चक्कर में जान से खिलवाड़
पुलिस ने बताया कि ऋषि नगर निवासी दीपक पमनानी ने अपने बेटे को कार के ड्राइवर साइड के दरवाजे से लटकाया और गाड़ी चलाता रहा। दीपक बच्चे को कार की गेट पर लटकाकर चामुंडा माता चौराहे से फ्रीगंज की तरफ जा रहा था। इस खौफनाक मंजर को देखकर राहगीर स्तब्ध रह गए। जब पुलिस की नजर इन पर पड़ी तो तुरंत एक्शन लिया।
पुलिस ने पिता की लगाई क्लास
घटना को मौके पर मौजूद एक आरक्षक ने देखा और तुरंत कंट्रोल रूम को वायरलेस सेट से सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। महिला थाना की टीआई लीला सोलंकी और आरक्षक सर्वेश मालवीया ने तुरंत वाहन का पीछा किया और आईजी बंगले के पास कार को रोक लिया। कार रुकते ही पुलिस ने सबसे पहले बच्चे को सुरक्षित उतारा। इसके बाद चालक पिता को जमकर फटकार लगाई गई। इस दौरान पिता ने पुलिस से कान पकड़कर माफी मांगी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
