उत्तर प्रदेश में 10 अक्टूबर को मानसून की विदाई हो चुकी है। अब मौसम में बदलाव आ रहा है। बीते दिनों हुई बारिश की वजह से अब तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और लोगों को सुबह और शाम को हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। इसी बीच मौसम विभाग ने एक बड़ा अपडेट दिया है। विभाग के मुताबिक, आज से 12 अक्टूबर तक फिलहाल, प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। लेकिन दिवाली से पहले प्रदेश में लोगों को सर्दी का एहसास होना शुरू हो जाएगा। 

जानिए कब शुरू होगी ठंड 
बता दें कि पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखना शुरू हो गया है। प्रदेश में बीते दिनों मानसूनी बारिश हुई, जिससे मौसम में काफी बदलाव आ गया और भीषण गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में ठंड की शुरुआत मुख्य रूप से दो चरणों में होगी। पहले प्रदेश में गुलाबी ठंड की दस्तक होगी। 15 अक्टूबर तक या दिवाली के आसपास से यूपी के कई हिस्सों में ‘गुलाबी ठंड’ का दौर शुरू हो जाएगा। यानी सुबह और रात के समय हल्की सिहरन महसूस होगी और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे नीचे जा सकता है। 

कब सताएगी सर्दी? 
मौसम विभाग के मुताबिक, अक्टूबर के अंत तक तापमान भारी गिरावट आने की संभावना है। जिससे नबंवर की शुरूआत में अच्छी-खासी सर्दी पड़ने की संभावना है। विभाग का पूर्वानुमान है कि ‘ला नीना’ (La Niña) की स्थिति बनने की संभावना है, जिसका असर ठंड की तीव्रता पर पड़ सकता है। ला नीना की स्थिति अक्सर उत्तरी भारत में अधिक और लंबी ठंड लाती है। इससे दिसंबर और फिर जनवरी में कोल्ड वेव और घना कोहरा पड़ने की संभावना है। इन महीनों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights