यूपी टी-20 लीग 2025 (Uttar Pradesh Premier League 2025) में मैच फिक्सिंग की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. काशी रुद्रास टीम के मैनेजर अर्जुन चौहान को सोशल मीडिया के जरिए एक करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया. 

आरोप है कि फिक्सर चाहता था कि टीम का एक खिलाड़ी उसकी बताई गई रणनीति के हिसाब से खेले. इस प्रस्ताव को अर्जुन चौहान ने तुरंत ठुकरा दिया और इसकी जानकारी बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) को दी. 

मैच फ‍िक्सर ने कैसे रचा फ‍िक्स‍िंग का षडयंत्र?
बीसीसीआई की पड़ताल में सामने आया कि संदिग्ध यूजर लगातार अर्जुन से बातचीत करने की कोशिश कर रहा था और उस पर दबाव बना रहा था.

यह संपर्क 19 अगस्त की रात 11:12 बजे इंस्टाग्राम आईडी vipss_nakrani से हुआ. पहले प्रमोशन कराने की बात की गई, फिर कॉल करने का प्रयास हुआ और इसके बाद मैच फिक्स करने का सीधा प्रस्ताव रख दिया गया.  यूजर ने कहा कि एक करोड़ रुपये मिलेंगे, जिसमें से 50 लाख अर्जुन अपने पास रख सकते हैं. रकम अमेरिकी डॉलर में ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात भी कही गई. 

BCCI ने मामले की जांच की शुरू 
इस पूरे मामले में भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के क्षेत्रीय सत्यनिष्ठा प्रबंधक हरदयाल सिंह चंपावत ने शिकायत दर्ज कराई है. वह एंटी करप्शन यूनिट, मध्य क्षेत्र जयपुर में पदस्थ हैं और फिलहाल लखनऊ में तैनात हैं. चंपावत ने बताया कि अर्जुन की सजगता से यह साजिश सामने आ सकी और बीसीसीआई ने इसकी गंभीरता से जांच शुरू कर दी है. 

सुशांत गोल्फ स‍िटी में एफआईआर दर्ज 
सुशांत गोल्फ सिटी थाने के इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू हो गई है.  पुलिस टीम मैनेजर के बयान दर्ज करेगी और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जाएगी. फिलहाल संदिग्ध यूजर की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का दावा है कि इस मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं. 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights