उत्तर प्रदेश में बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट थमी और मौसम हल्का सा गर्म हुआ। लेकिन मौसम विभाग ने अभी सभी को अलर्ट रहने की सलाह दी है।
मौसम के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को बादलों की आवाजाही की वजह से बदली रहेगी। जिसकी वजह से मौसम में नमी का एहसास रहेगा इसके साथ ही शनिवार और रविवार से तेज धूप निकलेगी।
लखनऊ आंचलिक मौसम केन्द्र के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान लखनऊ सहित प्रदेश के पश्चिमी जिलों में तड़के धुंध रहेगी। लखनऊ में दिन का तापमान 33 डिग्री और रात का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
लखनऊ में बुधवार को बादलों की आवाजाही की वजह से धूप की तेजी में कमी रही। यहां अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे था। मंगलवार रात को लखनऊ में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रिकार्ड हुआ । यह सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर था। प्रदेश में बुधवार को अधिकतम पारा 29 डिग्री और 34.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बस्ती में दिन का तापमान 29 डिग्री रिकार्ड हुआ।