राजस्थान के सिरोही-जालोर से भाजपा सांसद लुंबाराम चौधरी और उनके साथियों के लिए शुक्रवार की रात किसी बुरे सपने जैसी थी। मुंबई-नासिक हाईवे पर यात्रा के दौरान उनकी चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि कार के धू-धू कर जलने से चंद सेकंड पहले ही सभी सात लोग बाहर निकल आए जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

दर्शन करने जा रहे थे त्र्यंबकेश्वर, रास्ते में हुआ हादसा

संसद सत्र खत्म होने के बाद सांसद लुंबाराम चौधरी शुक्रवार को मुंबई पहुंचे थे। वहां से वे अपने मित्रों के साथ भगवान त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए कार से रवाना हुए। वे अपने एक मित्र की कार में सवार थे। आधी रात के करीब जब उनकी गाड़ी नासिक के पास ‘गोंडे फाटा’ इलाके में पहुंची तभी यह भयानक घटना घटी।

ड्राइवर की सूझबूझ ने बचाई सात जानें

हादसा शुक्रवार देर रात करीब 1:00 बजे हुआ। कार शाहपुर निवासी ड्राइवर अनिल जाधव चला रहे थे। चलती गाड़ी में अचानक कुछ जलने की तेज महक आने लगी। ड्राइवर ने खतरे को तुरंत भांप लिया और बिना देरी किए कार को हाईवे के किनारे रोक दिया। जैसे ही गंध बढ़ी, ड्राइवर ने सभी को तुरंत नीचे उतरने को कहा। सभी लोगों के नीचे उतरते ही कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते कार भीषण लपटों से घिर गई।

लोहे के ढांचे में तब्दील हुई लग्जरी कार

आग इतनी तेज थी कि स्थानीय दमकल विभाग और पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। मौके पर सिर्फ गाड़ी का जला हुआ लोहे का ढांचा ही बचा था। सांसद के पुत्र कानाराम ने बताया कि यह ईश्वर की ही कृपा थी कि चालक ने सही समय पर गाड़ी रोक दी, वरना परिणाम भयावह हो सकते थे।

सुरक्षित पहुंचे घर, शॉर्ट सर्किट की आशंका

इस हादसे के बाद शनिवार को सांसद लुंबाराम चौधरी मुंबई से विमान द्वारा उदयपुर पहुंचे और फिर वहां से अपने पैतृक गांव वाडेली (सिरोही) लौट आए। उनके सुरक्षित लौटने पर क्षेत्र के लोगों और समर्थकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights