मुजफ्फरनगर के मोरना में एक कन्फेक्शनरी की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसके चलते लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। व्यापारियों ने पीड़ित दुकानदार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
भोपा थाना क्षेत्र के मोरना में दी गंगा किसान सहकारी चीनी मिल के कर्मचारी राजेंद्र गुप्ता के बेटे वरुण गुप्ता की दरियाबाद रोड स्थित महर्षि शुकदेव इंटर कॉलेज की मार्केट में मारवाड़ी कन्फेक्शनरी की दुकान है। रात के समय पुलिस ने गश्त के दौरान दुकान में धुआं निकलता देखा तो उन्होंने मोहल्ले के लोगों को जगाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस दौरान आग से दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। दुकान में रखे 1 दर्जन से अधिक बड़े फ्रिज और खाने पीने का सामान राख में बदल गया। आग के चलते आसपास की दुकानों में बाहर लगे विद्युत मीटर तार भी जल गए। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आग से कोई जानमाल की हानि नहीं हुई है।
