मेरठ: पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के फेस-टू इलाके में मंगलवार देर रात एक रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की गई और एक कर्मचारी के साथ मारपीट की गई। पीड़ित रेस्टोरेंट संचालक विवेक दहिया की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा पार्षद विक्रांत ढाका के भाई शिवांग ढाका, दिल्ली पुलिस में तैनात सिपाही रोहित और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया है। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जमालपुर गांव निवासी विवेक दहिया ने पुलिस को बताया कि वह फेस-टू में अपना रेस्टोरेंट चलाते हैं। मंगलवार रात वह रेस्टोरेंट बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार करीब एक दर्जन लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि वार्ड 57 से भाजपा पार्षद विक्रांत ढाका का भाई शिवांग ढाका, मोहम्मदपुर गांव निवासी दिल्ली पुलिस का सिपाही रोहित और इकलौता गांव निवासी मोनू अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट में घुस आए।
विवेक का आरोप है कि आरोपियों ने आते ही रेस्टोरेंट बंद कराने का विरोध किया और धमकी दी कि अगर रेस्टोरेंट बंद नहीं रखा गया तो जान से मार देंगे। जब विवेक ने इसका विरोध किया तो आरोपी उग्र हो गए। उन्होंने रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। काउंटर का शीशा तोड़ दिया गया और बीच-बचाव करने आए एक कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना के दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहक भी सहम गए।
पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद
विवेक ने बताया कि पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। इसके बाद वह पल्लवपुरम थाने पहुंचे और नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तीन नामजद और करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवांग ढाका, मोनू और हरिओम को गिरफ्तार कर किया है। हालांकि दिल्ली पुलिस में तैनात सिपाही रोहित घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
एसपी सिटी आयुष बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रेस्टोरेंट में खाना खाने आए थे। रेस्टोरेंट बंद होने की बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला मारपीट व तोड़फोड़ तक पहुंच गया। वही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कई लिया गया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
