आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर के किंग खान एवं कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मालिक शाहरुख खान को लेकर दिए गए बयान पर विवाद गरमाता जा रहा है। देवकीनंदन ठाकुर ने शाहरुख खान को अपनी आईपीएल टीम के लिए एक बांग्लादेशी खिलाड़ी खरीदने को लेकर आड़े हाथों लिया है।

उन्होंने शाहरुख खान पर हमला बोलते हुए कहा कि जो इन्हें हीरो बना सकता है, वो जीरो भी बना सकता है। वहीं, अब इस मामले में समाजवादी पार्टी ने देवकीनंदन ठाकुर पर जोरदार पलटवार कर दिया है। हालांकि, विवाद बढ़ता देख बीसीसीआई ने केकेआर को बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान रिलीज करने को कहा है। अब ऐसे में आईपीएल 2026 में मुस्तफिजुर रहमान नहीं दिखेंगे।

सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि देवकीनंदन ठाकुर हो या फिर कोई भी बाबा हो, पहले अपने भक्तों पर ध्यान दें। क्या उन्हें पता नहीं है कि इस देश में क्या हो रहा है? जब ऑपरेशन सिंदूर चल रहा था, उसके बाद भी भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ मैच खेला है। तब देवकीनंदन ठाकुर अपने भक्तों में लीन थे। तब उन्हें देश की याद नहीं आ रही थी। आशुतोष वर्मा ने कहा कि असल में इन बाबाओं की दुकान भी तब तक नहीं चलती, जब तक ये राजनीति में न घुसे।

सपा प्रवक्ता ने बाबाओं से अपील है कि वो लोग लोकहित का काम करें और जनसमस्याओं पर बात करें। उन्होंने कहा कि ये लोग देश की राजनीति और इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में न जाएं। इससे उनका ही भला होगा। वहीं, देवकीनंदन ठाकुर ने KKR द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को खरीदने पर कहा कि जिस देश में इतना बुरा हो रहा है और उसी देश के खिलाड़ी को नौ करोड़ बीस लाख रुपये देकर हिंदुस्तान में अपने आपको स्टार कहलाने वाला आदमी, मिस्टर KKR, अपनी टीम में खिलाना चाहता है। क्या यह सनातन हिंदुओं की भावना को, उनके धर्म को, इस देश की भावना को ठेस पहुंचाने जैसा नहीं है।

‘आईपीएल में बांग्लादेशी क्रिकेटर खेल रहे’

इसके साथ ही गुरु देवकीनंदन ठाकुर ने अपने एक बयान में कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं और IPL में बांग्लादेशी क्रिकेटर को टीम में लिया गया है। यह अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कैसा देशप्रेम है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें सबसे बड़ा खतरा बाहर के लोगों से नहीं, अपनों से है। बांग्लादेश में हिंदुओं को जिंदा जलाए जाने, घरों को नष्ट किए जाने और भय के माहौल में जीने को मजबूर किया जा रहा है। ऐसे समय में क्या राजनीति महत्वपूर्ण है? क्या क्रिकेट और मनोरंजन, इंसानी पीड़ा से ऊपर हो गए हैं?

बांग्लादेश में हिंदू जान बचाने को मजबूर हैं- देवकीनंदन ठाकुर

देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि बांग्लादेश में आज हिंदू अपनी जान बचाने को मजबूर हैं और हम उन्हीं बांग्लादेशियों के साथ IPL खेल कर तालियां बजाना चाहते हैं। इससे बड़ी शर्म की बात और क्या हो सकती है? उन्होंने कहा कि मेरी एकमात्र चिंता है कि मेरे हिंदू सनातनी, देश या विदेश कहीं भी रहें, सुरक्षित रहें और सम्मान के साथ रहें।आध्यात्मिक गुरु ने आगे कहा कि क्या KKR मैनेजमेंट यह सुनिश्चित कर सकती है कि बांग्लादेशी क्रिकेटर को दिया गया पैसा सही दिशा में ही इस्तेमाल होगा? क्या हमारे देश में प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की कोई कमी है? फिर ऐसी क्या मजबूरी है कि बांग्लादेशी क्रिकेटर की आवश्यकता पड़ गई?

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights