उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बागपत दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह जाति आधारित राजनीति करती है और मुसलमानों को डराकर वोट हासिल करती है. डिप्टी सीएम ने तीखे शब्दों में कहा कि अगर मुसलमान समाज सपा का साथ छोड़ दे तो यह पार्टी दो टके की भी नहीं रह जाएगी. उन्होंने सपा को ऐसी पार्टी बताया जिसका राजनीतिक स्तर केवल प्रधान पद तक सीमित है.
डिप्टी सीएम बागपत के बीजेपी जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अगर विकास और काम के नाम पर जनता से वोट मांगे, तो उसे कहीं से समर्थन नहीं मिलेगा. सपा शासनकाल में प्रदेश में गुंडागर्दी, माफियागिरी और अराजकता को बढ़ावा दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय आम जनता भय के साये में जीने को मजबूर थी.
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा सरकार के दौरान बागपत या बड़ौत में अगर कोई खाली प्लॉट होता था, तो सपाई कहते थे खाली प्लॉट हमारा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के समय गुंडे, बदमाश और माफिया खुलेआम घूमते थे और आम लोगों का जीना दूभर कर देते थे. एक-एक गाड़ी में 10-10 बंदूकें रखकर चलना आम बात थी. डिप्टी सीएम ने कहा आज के समय में बीजेपी सरकार में प्रदेश में कानून का राज है. बीजेपी सरकार में कहीं भी खुलेआम हथियार नहीं दिखते. अगर कोई व्यक्ति अवैध रूप से बंदूक लेकर चलता है, तो जनता खुद उसे गुंडा कहकर भगा देती है और उसका लाइसेंस भी रद्द हो जाता है.
डिप्टी सीएम ने मुजफ्फरनगर दंगों का किया जिक्र
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा पर प्रदेश में एक हजार से अधिक दंगे कराने का आरोप लगाते हुए मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र किया. डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा शासन में शाम पांच बजे के बाद बेटियां घर से निकलने में डरती थीं, जबकि आज बीजेपी सरकार में महिलाएं रात 12 बजे भी सुरक्षित महसूस करती हैं. इसके बाद उन्होंने जिले में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा भी की.
