मुज़फ्फरनगर। शहर एक बार फिर श्याम भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। श्याम प्रेमियों के तत्वावधान में 21 मार्च से 23 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन ‘श्री श्याम पधारो म्हारे गाँव-2’ उत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ किया जाएगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि भजन, संकीर्तन और अलौकिक दरबार की झलक से पूरे जनपद को भक्तिमय कर देगा। गुरुवार को नई मंडी स्थित रामलीला भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से वार्ता कर श्री श्याम पधारों म्हारे गांव–2 के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 21 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे रामलीला भवन, नई मंडी कोतवाली के निकट “श्याम नाम महेंदी उत्सव” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सभी श्याम प्रेमियों के हाथों में श्याम नाम की महेंदी रचाई जाएगी, जो भक्ति और समर्पण का प्रतीक बनेगी।
शाम 7:15 बजे से राधा रानी जी का भव्य संकीर्तन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक दीपेश सुनेजा और मनीष चौहान (मौज फकीरा दी) अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इस अवसर पर आचार्य गोस्वामी श्रीहित नवनीत लाल शशि महाराज (देवबंद) का पावन सानिध्य भी प्राप्त होगा। 22 मार्च (रविवार) को नई मंडी रामलीला भवन में एक विशाल एवं भव्य संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस बार श्रद्धालुओं को एक अद्वितीय और अलग तरह का श्याम दरबार देखने को मिलेगा, जिसकी पंडाल व्यवस्था भी बेहद खास होगी। इस दिन कोलकाता से संजू शर्मा, दिल्ली से ऋतू पांचाल, कोलकाता से ईशा शर्मा और म्यूजिकल ग्रुप के रूप में नरेश पुनिया (दिल्ली) अपनी प्रस्तुतियों से भक्ति की गंगा बहाएंगे। 23 मार्च (सोमवार) को उत्सव अपने चरम पर होगा, जब जयपुर से दीदी रजनी राजस्थानी और भैया अभिषेक नामा अपनी भजन प्रस्तुति देंगे। इस दिन खास आकर्षण रहेगा पहली बार मुज़फ्फरनगर में 35एमएम लाइव प्रस्तुति, जो कोलकाता से लाई जा रही है। साथ ही, इस पावन अवसर पर गुरु सुरेश चंद गुप्ता (पहाड़गंज वाले), अनमोल अग्रवाल (रेवाड़ी) और देवेंद्र पुजारी (चुलकाना धाम) का पावन सानिध्य प्राप्त होगा।
नवरात्र के शुभ अवसर पर इस आयोजन में माता शाकुंभरी देवी का भव्य और मनोहारी दरबार भी सजाया जाएगा, जिसके दर्शन पहली बार मुज़फ्फरनगर में इस प्रकार के कीर्तन में श्रद्धालुओं को प्राप्त होंगे। आस्था, भक्ति और भव्यता का अद्भुत संगम बनने जा रहा यह आयोजन श्याम प्रेमियों के लिए किसी महापर्व से कम नहीं होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे पूरा शहर “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंज उठेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights