मुजफ्फरनगर की पौराणिक धर्म नगरी शुकतीर्थ में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को पधारेंगे। योगी आदित्यनाथ शुकतीर्थ में भागवत पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद से मुलाकात करने के बाद शुक्रताल में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। सिंचाई विभाग ने भीमगोड़ा बैराज से 78 किलोमीटर की दूरी तय कर शुकतीर्थ में गंगा की धारा लाने का खाका तैयार किया है। जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री की ओर से किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

मुजफ्फरनगर भोपा थाना क्षेत्र की पौराणिक धर्म नगरी शुकतीर्थ में वर्षों से गंगा की धारा लाए जाने का प्रयास साधु-संत कर रहे हैं। भागवत पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से पूर्व में गंगा की धारा शुकतीर्थ लाने की प्रार्थना की थी। इसके बाद केंद्रीय जल आयोग की संस्तुति पर सिंचाई विभाग ने इसका रोडमैप तैयार किया है। सिंचाई विभाग की योजना अनुसार शुकतीर्थ में 78 किलोमीटर दूर भीमगोड़ा बैराज से शुकतीर्थ तक गंगा की धारा लाई जाएगी।

शुकदेव आश्रम स्वामी कल्याण देव ट्रस्ट के ट्रस्टी ओमदत्त आर्य ने बताया कि 22 जुलाई को मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि शनिवार को शुकदेव आश्रम स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर 12:20 पर लैंड होगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद मुख्यमंत्री सामाजिक वानिकी कार्यक्रम के तहत हेलीपैड के समीप 5 पौधों का रोपण करेंगे। वीतराग स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा करेंगे और शुकदेव मंदिर पहुंचकर पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद से 20 मिनट तक वार्ता करेंगे। उसके पश्चात शुक्रताल-मोरना रोड पर आयोजित जनसभा में भाग लेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights