मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में 200 रुपए के नकली नोट छापे जा रहे थे। थाना बुढ़ाना पुलिस और एसओजी ने छापेमारी की कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को दबोच लिया। जिनके कब्जे से 8 लाख रुपए से अधिक की भारतीय जाली मुद्रा और कागज तथा प्रिंटर आदि सामान बरामद हुआ है।

मुजफ्फरनगर में नकली करेंसी नोट छापकर देश की अर्थव्यवस्था को बट्टा लगाए जाने का प्रयास किया जा रहा था। थाना बुढ़ाना पुलिस ने एसओजी दो के साथ कस्बे में संयुक्त कार्रवाई की।

सब इंस्पेक्टर रोहित कुमार के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर करनाल हाईवे कुरथल मोड़ पर यात्री शेड में खड़ी डस्टर गाड़ी की तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि गाड़ी में सवार लोगों से जाली भारतीय मुद्रा बरामद की गई।

गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे मंगेश पुत्र रामपाल निवासी गांव नगवा थाना बुढ़ाना की तलाशी ली गई तो 200 रुपए के नकली नोटों की कई गड्डियां बरामद हुईं। गाड़ी में सवार अन्य लोगों से भी जाली करंसी बरामद हुई। जिसके बाद दोनों से पूछताछ के आधार पर कस्बे में कर्बला रोड स्थित साकिब पुत्र सादिक के मकान पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान घर में प्रिंटर लगाकर 200 रुपये के नकली नोट छपते हुए साकिब और नसीर पुत्र नसीर निवासी ब्रह्मपुरी दिल्ली को दबोच लिया गया। जबकि मौके से सागर पुत्र शहजाद निवासी बुढ़ाना और प्रवीण पुत्र ओमप्रकाश निवासी बड़ौदा तथा अनुज पुत्र रोहतास निवासी हैवा थाना छपरौली बागपत को भी नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि सभी 6 बदमाशों से 200 के नोट वाली 829300 रुपये की जाली मुद्रा बरामद की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights